Saturday 27 October 2018

जग दुख का आगार है(कुंडलियाँ)

जग दुख का आगार है नहीं रोइये रोज।
रोना धोना छोड़ कर सुख के कारक खोज।।
सुख के कारक खोज लगा लत नेक काम की।
कर दुखियों की मदद फिकर नहीं कर इनाम की।।
परमारथ की लगन जब तुम्हें जायेगी लग।
भूलोगे निज कष्ट लगेगा अति सुंदर जग।।

पोथी पढ़कर फैंक दी हुआ न कुछ भी ज्ञान।
नहीं किया चिंतन मनन सोये चादर तान।।
सोये चादर तान नींद में सभी भुलाने।
नहि मिल पाया ज्ञान अकिभी तक रहे अयाने।।
करें निरर्थक तर्क दलीलें देते थोथी।
दिया न कोई ध्यान फैंक दी पढ़ कर पोथी।।

जयन्ती प्रसाद शर्मा 

Saturday 20 October 2018

सुन चिड़े हो सावधान,

सुन चिड़े हो सावधान,
बदल गया है अब विधान।
हम दोनों हैं अनुगामी।
नहीं हो तुम मेरे स्वामी।
तुम मुझको नहीं  टोक सकोगे,
अब नहीं मुझको रोक सकोगे।
चाहे कहीं भी मैं जाऊँ,
चाहे किसी के नीड़ रहाऊँ।
तेरी ही होकर नहीं रहूँगी,
जहाँ  चाहूँगी मैं विचरूँगी।
मादाओं को नरों ने बहुत सताया,
अब आकर आजादी का सुख पाया।
प्रफुल्ल हैं नारियों के अन्तः करण,
जय हो तुम्हारी न्यायाधिकरण।
जयन्ती प्रसाद शर्मा

Saturday 13 October 2018

धृतराष्ट्र थे जन्मांध

धृतराष्ट्र थे जन्मांध,
सुनयना थीं गांधारी।
पटका  बाँध  बनीं  निरंध,
ओढ़ ली लाचारी।
अविवेकी मन कुंठित  बुद्धि ने,
करी वंश वृद्धि।
सौ पुत्रों को दिया जन्म,
कुविचारों की हुई  सृष्टि।
पुत्र मोही राजा रानी,
पुत्रों को दे न सके संस्कार।
उनके धर्म विरोधी कार्यों का,
कर न सके प्रतिकार।
जो कहा पुत्रों ने वही,
सत्य मान लिया।
दृष्टिहीन होने के कारण,
नहीं संज्ञान लिया।
उचित मार्ग दर्शन के अभाव में,
कुरु वंश में अनीति विस्तारित हुई।
उनका दंभ और अनीति,
महाभारत में निस्तारित हुई।
काश ! महारानी गान्धारी,
नयनी ही रहतीं।
नहीं होता महाभारत,
वंश नाश का दुःख नहीं सहतीं।
वे नहीं ओढतीं कृत्रिम अंधता,
बाँध कर पटका।
पति, पुत्रों और राज्य का,
करतीं बहुत भला सबका।
जयन्ती प्रसाद शर्मा

चित्र गूगल से साभार


Friday 5 October 2018

जिनके बिगड़े रहते हैं बोल

जिनके बिगड़े रहते हैं बोल,
बातों में विष देते घोल।
वे सोच समझ कर नहीं बोलते,
नहीं जानते शब्दों का मोल।
आपे में वे नहीं रहते हैं,
जो मुँह में आता है कहते हैं।
वे नहीं जानते छिछली बातों से,
खुल जाती है उनकी पोल।
कुछ लोग बातों का ही खाते हैं,
बातों से वे अपनी साख बनाते हैं।
रहता है समाज में उनका दब दबा,
बोलते हैं जो शब्दों को तोल।
बड़बोलेपन से अक्सर बात बिगड़ती है,
सम्बन्धों में पड़ती दरार और तल्खी बढ़ती है।
चाहत घट जाती है उनकी,
खत्म हो जाता है मेल जोल।
जितना हो सके कम बोलो,
जरूरत से ज्यादा मत बोलो।
नहीं ढोल की पोल खुलेगी,
बची रहेगी इज्जत अनमोल।
जयन्ती प्रसाद शर्मा