Monday, 29 June 2015

संघातिक हैं नयन तुम्हारे

संघातिक हैं नयन तुम्हारे,
जब से नजर मिलाई तुमने–
दुर्दिन आये हमारे . . . . संघातिक ......।

कनखइयों से मारी दीठ,
मुस्काईं फिर देकर पीठ।
उतराये सीधे मेरे मन,
चंचल नयन तुम्हारे ढीठ।

वक्र-भंगिमा अड़ गई मन में–
निकसी नहीं निकारे . . . . संघातिक ....।

बिन काजल कजरारे नैन,
कर देते हैं मुझको बेचैन।
फंस गई जान कफस में मेरी,
बदलते करवट बीतति रैन।

घूमूँ दिन भर बना बावला–
ज्यों ज्वारी धन हारे . . . . संघातिक ....।

अब और न मुझे सताओ तुम,
एक दया दिखलाओ तुम।
नहीं निहारो वक्र दृष्टि से,
मृत्यु बिन आई से मुझे बचाओ तुम।

बे मौत न मारा जाँऊ–
तेरी तिरछी नजर के मारे ....संघातिक ....।

जयन्ती प्रसाद शर्मा 

Thursday, 18 June 2015

चट पट झट

चंगू तेली मंगू तेली,
आपस में थे दोनों बेली।
थी गुड़िया रानी एक सहेली,
नहीं बीच में इनके कोई पहेली।
सब मिल कर खेला करते थे,
कूंद फांद झगड़ा नित-
नये नये वे करते थे।
वर्षों खेले संग संग सब,
शैशव बीता पता नही कब।
गुड़िया भी जवान हो गई,
तन कर वह कमान हो गई।
ठुमरी की वह तान हो गई,
मनचलों की वह जान हो गई।
मंगू के मन भा गई गुड़िया,
उसके तन मन पर छा गई गुड़िया।
किया प्रणय निवेदन मंगू ने,
गुड़िया बोली धत।
मंगू बोला चट,
चंगू बोला पट।
हो गई दोनों की शादी झट,
नतीजा चट, पट, झट।

जयन्ती प्रसाद शर्मा

Thursday, 4 June 2015

संचेतना

संचेतना लोगों की सुप्त हो गई है,
संवेदना मानव की लुप्त हो गई है।
व्यथित नहीं करती किसी को किसी की व्यथा,
सांसारिक कर्म होते रहते हैं यथा।
कोई दुखी कर रहा होता करुण क्रंदन,
पास ही किसी का हो रहा होता अभिनन्दन।
अपनत्वता व्यक्ति में नुक्त हो गई है...भावना संवेदना की.........।
ऐसे ही नहीं कोई किसी को मानता,
स्वार्थ-परता में अनुपयोगी को नहीं कोई जानता।
नहीं सराहता कोई किसी की सहजता-
बिन सारोकार निकट पड़ौसी भी नहीं पहचानता।
अब प्रकृति लोगों की रुक्ष हो गई है...भावना संवेदना की.........।
हर व्यक्ति आज त्रस्त है जीवन में संघर्ष है,
उसका अपना है विचार और अपना ही विमर्ष है।
आज व्यक्ति व्यष्टि है, लोप हो गई समष्टिता,
जानने कुशल क्षेम अपनों की नहीं बरतता कोई शिष्टता।
एकला चलो की भावना हर मन में पुष्ट हो गई है...भावना संवेदना की.......।
महा नगरीय संस्कृति में खो गई सौमनस्यता,
हर मुख पर है तनाव, नि:शेष हो गई है सौख्यता।
दौड़-धूप बन गई है नियति,नहीं पल भर को विश्राम है,
हर पल काम ही काम है और आराम हराम है।
समझौतों से जिंदगी चिंतामुक्त हो गई है...भावना संवेदना की......।            
जयन्ती प्रसाद शर्मा  

Thursday, 14 May 2015

चीनी राष्ट्राध्यक्ष का भारत दौरा

चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग भारत आये हैं,
अपनी सुन्दर पत्नी मादाम पेंग लियुआन को साथ लाये हैं।
भारत को सपेरों का देश मानकर,
बैरलों में ड्रैगन का विष लाये हैं।
स्वागत सत्कार भारतीय परम्परा है,
मेहमानों का दिल जीतने को-
सुन्दर गीत का अंतरा है।
प्रस्तुतीकरण के विभेद से,
कभी आम कभी संतरा है।
अब यह भारतीय कर्णधारों पर निर्भर है,
कैसे उस विष को अमृत बनाते हैं।
चीनियों की नीति को कैसे देश हित में,
उपयोग में लाते हैं।
चीनी नीति जानने को,
अतीत में जाना होगा।
चीनी पी एम चाऊ एन लाईस के दौरे को,
ध्यान में लाना होगा।
तब भी चीन नेता के स्वागत में,
पलक पांवड़े बिछाये गये थे।
हिन्दी चीनी भाई भाई के,
नारे खूब लगाये गये थे।
कुछ ही महीनों बाद चीन ने,
भारत पर युद्ध थोप दिया था।
प्रगति पथ पर बढते भारत को,
उसने रोक दिया था।
देश के कर्णधारों से,
मुझको यह कहना है।
खूब करो आव-भगत मगर,
सतर्क चीनी चालों से रहना है।
जयन्ती प्रसाद शर्मा    


                              

Saturday, 9 May 2015

मैं किस प्रकार अपने पापों का प्रायश्चित करूँ ?

आसन्न प्रसवा गाय हो रही थी बेदम,
निकली पड़ रहीं थी उसकी आँखें और बह रहे थे अश्रु-
तीव्र प्रसव वेदना से।
इठ रहा था उसका शरीर और वह देख रही थी इधर उधर–
असहाय सी।
प्रसव पूर्ण होने से पूर्व वह डकरा उठी तेज आवाज़ में-
और पड़ रही होकर निढाल।
घबड़ाकर मैंने बंद कर लीं अपनी आँखे।
अचानक कौंध उठा एक चेहरा मेरे मस्तिष्क में,
वह चेहरा था मेरी माँ का।
वह माँ जिसे मैं झिड़क देता था बात बात पर,
कर चुका था मैं अनेक बार उसका तिरिस्कार।
वह बिना कोई प्रतिवाद किये, आँखों से अश्रु पौंछते हुये-
हट जाती थी वहाँ से।
मुझे होने लगी अपने आप से नफरत।
मै सोच रहा था मेरी माँ ने भी उठाया होगा कष्ट–
इसी प्रकार।
पी होगी वो भी तीव्र वेदना से और डकराई होगी–
मुझे जनमते समय।
माँ, ओ मेरी माँ मुझे कर देना क्षमा मेरी कृतघ्नता के लिये,
अथवा देना मुझे कठोर दंड मेरी उद्दंडता के लिये।
लेकिन मुझे पता है तू ऐसा कुछ नही करेगी।
मै किस प्रकार अपने पापों का प्रायश्चित करूं?
जयन्ती प्रसाद शर्मा

Thursday, 30 April 2015

सृजन

सृजन के दौर से गुजरती हुई,
पोषण करने के कारण गर्भस्थ शिशु का-
तुम हो गई हो कृश-काय।
रक्तल्पता से तुम्हारा मुख हो गया है पीताभ-
अमलताश के पुष्प सा।
मातृत्व के सुखद अहसास से,
तुम्हारे पीत मुख की कान्ति हो गई है स्वर्णिम-
और वह दमक रहा है हेम सा।
तुम्हारी आँखों में पल रहे हैं-
आने वाले शिशु के मधुर स्वप्न।
तुम्हारी कोख में पल रहा बच्चा-
चलाता है जब धीरे धीरे पाँव,
तुम्हारा मन आत्म तुष्टि से भर जाता है।
तुम्हारा हाथ स्वत: ही चला जाता है उदर पर-
और तुम धीरे धीरे लगती हो उसे सहलाने।
तुम अपने अजन्मे शिशु की पुकार, माँ मुझे जन्म दे-
को सुन लेती हो अनहद नाद सा।
तुम अपने उदर को धीरे से थपथपा कर-
उसे दे देती हो परामर्श रखने को धैर्य-
प्रसवावधि आने तक।
तुम लावन्यमयी तो थी हीं,
अब हो गई हो ममतामयी, वात्सल्यमयी।
स्त्री होने की सार्थकता ने और पूर्णता ने तुम्हें-
गरिमामयी भी बना दिया है।
तुम्हारे इन नये कलेवरों के लिये-
तुम्हारा  हार्दिक वन्दन अभिनन्दन।
जयन्ती प्रसाद शर्मा

Monday, 20 April 2015

भली करी जो तुम आये

भली करी जो तुम आये।
ज्येष्ठ मास की तप्त दुपहरी सा जीवन,
नही शीतलता का लेश, दग्ध हुआ तन और मन।
भावों की सरिता सूख गई है,
कल्पना शीलता रूठ गई है।
उष्ण प्रदेश से मेरे जीवन में बरखा बहार तुम लाये.......भली करी.......।
मेरा नीरस जीवन सरस बनाया,
मेरे सूखे मन उपवन को हरित बनाया। 
अपने सघन केश की छाया कर,
भीषण गर्मी से त्राण दिलाया।
किया सुवासित अपनी सांसों से, भाव मेरे महकाये........भली करी......।
चुस्त चीकनी मेरी खुरदरी खाल हो गई,
लड़खड़ाहट हो गई दूर सरपट चाल हो गई।
शुष्क कंठ से नही फूटता था कोई स्वर,
घुटी घुटी सी मेरी वाणी वाचाल हो गई।
अब तो उत्फुल्लित मन मेरा हर दम प्रेम तराना गाये.....भली करी......।
है यही कामना तुम बनी रहो मेरे जीवन में,
कोई प्रेम प्रसून खिलादो मेरे आँगन में।
वह होगा प्राणाधार हमारा-
बाँधेगा हम दोनों को प्यारे बंधन में।
अतिसुखदायक होगा वह पल अंकबद्ध कर उसको, जब तू लोरी गाये.......भली करी........। 

जयन्ती प्रसाद शर्मा